जौनपुर में 11 फीट ऊंची भगवान परशुराम की प्रतिमा का 19 अप्रैल को भव्य अनावरण

जौनपुर। जनपद में आस्था और परंपरा से जुड़ा एक ऐतिहासिक क्षण आने वाला है। आगामी 19 अप्रैल को अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर भगवान परशुराम की 11 फीट ऊंची भव्य प्रतिमा का अनावरण किया जाएगा। यह कार्यक्रम जौनपुर के कुल्हनामऊ चौराहे पर आयोजित होगा, जहां इस प्रतिमा को विशेष रूप से स्थापित किया गया है।

मान्यता के अनुसार, जौनपुर का प्राचीन नाम जमदग्निपुरम रहा है और इसका गहरा संबंध महर्षि जमदग्नि तथा माता रेणुका से जुड़ा है, जो भगवान परशुराम के माता-पिता माने जाते हैं। इसी ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व को ध्यान में रखते हुए यह प्रतिमा स्थापित की जा रही है।

इस भव्य प्रतिमा की स्थापना के पीछे बदलापुर के विधायक रमेश चंद्र मिश्रा की महत्वपूर्ण भूमिका बताई जा रही है। उनके विज़न को साकार करने में सुजानगंज क्षेत्र के निवासी प्रमोद पाठक और उनके परिवार का विशेष योगदान रहा है। बताया जाता है कि यह प्रतिमा जयपुर के कारीगरों द्वारा लगभग एक वर्ष की मेहनत से तैयार की गई है।

करीब 11 फीट ऊंची इस प्रतिमा के साथ संपूर्ण संरचना की ऊंचाई 20 फीट से अधिक बताई जा रही है। प्रतिमा स्थल को आकर्षक रेलिंग और सीढ़ियों के साथ विकसित किया गया है, जिससे श्रद्धालु आसानी से दर्शन कर सकें।

19 अप्रैल को आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है। आयोजकों ने सभी समाज के लोगों से इस ऐतिहासिक पल के साक्षी बनने की अपील की है।

यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है, बल्कि जौनपुर के सांस्कृतिक और ऐतिहासिक गौरव को भी नई पहचान देने वाला माना जा रहा है।

Leave a Comment

और पढ़ें