गांधी जयंती पर राउरकेला में निकली शांति शोभायात्रा और स्वच्छता रैली

राउरकेला, 2 अक्टूबर 2026:
राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती के अवसर पर राउरकेला में जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय तथा राउरकेला महानगर निगम की ओर से विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इस अवसर पर शांति शोभायात्रा और स्वच्छता रैली निकाली गई।

शोभायात्रा में म्यूनिसिपल कॉलेज और सरकारी स्वायत्त महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और स्वच्छ साथी भी शामिल हुए। लोगों ने स्वच्छता और शांति का संदेश देते हुए रैली में हिस्सा लिया।

शोभायात्रा सरकारी स्वायत्त महाविद्यालय के सामने से शुरू होकर पानपोष चौक पहुंची। यहां स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर राउरकेला विधायक शारदा प्रसाद नायक ने मुख्य अतिथि के रूप में श्रद्धासुमन अर्पित किए। वहीं राउरकेला महानगर निगम की संयुक्त आयुक्त पल्लवी नायक, उप आयुक्त अनिता नायक, उप आयुक्त तरुण कांत तथा जिला सूचना एवं जनसंपर्क अधिकारी सीमा फातिमा एक्का सहित अन्य अधिकारियों ने भी महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी।

इस दौरान स्थानीय कलाकारों ने ‘रघुपति राघव राजा राम’ और ‘वैष्णव जन तो तेने कहिए’ जैसे भजनों की प्रस्तुति दी।

कार्यक्रम के दौरान राउरकेला महानगर निगम की ओर से तकनीकी शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों के बीच आयोजित कचरे से बनाई गई अभिनव कलाकृतियों की प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए। प्रतियोगिता में राउरकेला सरकारी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने पहला और तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि जगदा स्थित आंबेडकर निजी औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।

वहीं, गांधी जयंती के अवसर पर सुबह करीब 5 बजे शहर में लाउडस्पीकर के माध्यम से रामधुन का प्रसारण किया गया।

पूरे कार्यक्रम के सफल आयोजन में जिला सूचना एवं जनसंपर्क कार्यालय तथा राउरकेला महानगर निगम के अधिकारी और कर्मचारियों का महत्वपूर्ण सहयोग रहा।

गांधी जयंती के इस आयोजन के जरिए शहरवासियों को शांति, स्वच्छता और गांधीजी के विचारों को अपनाने का संदेश दिया गया।

Leave a Comment

और पढ़ें