जौनपुर: उत्तर प्रदेश की सियासत में शुक्रवार को उस समय राजनीतिक गर्मी बढ़ गई, जब कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी एवं पूर्व मंत्री राजेंद्र पाल गौतम ने जौनपुर में प्रेस वार्ता कर भाजपा सरकार पर तीखे आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि केंद्र और प्रदेश की भाजपा सरकार संविधान, लोकतंत्र और सामाजिक न्याय की भावना को कमजोर कर रही है।
राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि भाजपा सरकार दलित, आदिवासी और पिछड़े वर्ग के लोगों के साथ भेदभाव कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्ष की सरकारों को गिराने, लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने और जनता के जनादेश का अनादर करने का काम किया जा रहा है।
युवाओं के मुद्दे पर उन्होंने कहा कि लगातार हो रहे पेपर लीक से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हुआ है। उनका आरोप था कि सरकार इन घटनाओं पर प्रभावी कार्रवाई करने में विफल रही है।
आगामी विधानसभा चुनाव पर उन्होंने कहा कि इंडिया गठबंधन पूरी मजबूती के साथ चुनाव मैदान में उतरेगा और जनता के सहयोग से भाजपा को सत्ता से बाहर करने का प्रयास करेगा।
प्रेस वार्ता में जौनपुर सदर के पूर्व विधायक नदीम जावेद ने भी महंगाई, बेरोजगारी और कानून-व्यवस्था जैसे मुद्दों पर भाजपा सरकार की आलोचना की। उन्होंने कहा कि जनता बदलाव चाहती है और कांग्रेस इन मुद्दों को लेकर लगातार आवाज उठा रही है।
इस दौरान बाराबंकी से कांग्रेस सांसद तनुज पुनिया, यूथ कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष तरुण पटेल तथा कांग्रेस के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।









