राउरकेला में नशे के कारोबार पर पुलिस का बड़ा प्रहार…
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राउरकेला के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष “नशा मुक्ति अभियान” के तहत प्लांटसाइट पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ब्राउन शुगर तस्करी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़ किया है।
पुलिस अधीक्षक नितेश माधवनी के दिशा-निर्देशन में प्लांटसाइट थाना प्रभारी निरीक्षक विभूत्सा कुमार प्रधान और उनकी टीम ने मीनापाड़ा महताब रोड इलाके में विशेष छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने सात पारदर्शी पैकेटों में रखी करीब 220 ग्राम ब्राउन शुगर, 3 मोबाइल फोन और 2 लाख 70 हजार 240 रुपये नकद बरामद किए। पुलिस ने मौके से 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जो कथित तौर पर युवाओं और स्कूल-कॉलेज के छात्रों तक नशा पहुंचाने का काम कर रहे थे |
गिरफ्तार आरोपियों में रोसन खातून उर्फ शांति, फरीदा खातून उर्फ जरी वली, मोहम्मद इमरान आलम, मोहम्मद आलम, नुरेशा खातून, रहीमा खातून उर्फ रीता, मनीषा खातून और मधु उर्फ नुरेशा खातून शामिल हैं। जांच में कुछ आरोपियों के खिलाफ पहले से एनडीपीएस एक्ट समेत कई गंभीर मामले दर्ज होने की बात भी सामने आई है
प्लांटसाइट पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि नशे के कारोबार में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।










