जौनपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां थाना कोतवाली पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह सफलता हासिल हुई है। अपर पुलिस अधीक्षक नगर और क्षेत्राधिकारी नगर के निर्देशन में कोतवाली पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए अहियापुर मोड़, राजा साहब के पोखरा के पास छापेमारी की।
इस दौरान पुलिस ने दो आरोपियों—कमल कुमार चौहान और शैलेष कुमार गौड़ उर्फ गोलू—को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान इनके कब्जे से करीब 3 किलो 450 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार दोनों अभियुक्त जौनपुर के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
इस पूरी कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम की अहम भूमिका रही, जिसमें उपनिरीक्षक जयदीप कोल समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।
जौनपुर पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में नशा कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।









