स्टॉकयार्ड से ट्रक बैटरी चोरी का खुलासा, दो शातिर आरोपी गिरफ्तार

राउरकेला में रघुनाथपाली थाना पुलिस ने ट्रक बैटरी चोरी के एक मामले का सफल खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी की गई दो एक्साइड ट्रक बैटरियां और वारदात में इस्तेमाल की गई एक होंडा एक्टिवा स्कूटी भी बरामद की है। दोनों आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं।

रघुनाथपाली थाना कांड संख्या 394, दिनांक 2 जुलाई 2026 के अनुसार, जालदा ‘सी’ ब्लॉक स्थित एक स्टॉकयार्ड से ट्रक संख्या OD14Y-3132 में लगी दो एक्साइड ट्रक बैटरियां चोरी हो गई थीं। स्टॉकयार्ड के मैनेजर कुशल दास ने इस संबंध में पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने अमरेंद्र पटनायक उर्फ अमित (32) और उसके सहयोगी अशोक कुमार राउत (41) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में अमरेंद्र ने चोरी की वारदात स्वीकार करते हुए बताया कि दोनों ने ट्रक से बैटरियां चुराकर होंडा एक्टिवा स्कूटी से अपर बालिजोड़ी इलाके में झाड़ियों के बीच छिपा दी थीं, ताकि बाद में उन्हें बेच सकें।

आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो लाल रंग की एक्साइड ट्रक बैटरियां और वारदात में प्रयुक्त होंडा एक्टिवा-125 स्कूटी, नंबर OD14U-2526, बरामद कर जब्त कर ली।

पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अमरेंद्र पटनायक के खिलाफ राउरकेला के विभिन्न थानों में चोरी, डकैती, धोखाधड़ी, लूट और अन्य गंभीर अपराधों के एक दर्जन से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं अशोक कुमार राउत के खिलाफ भी पहले से आपराधिक मामले दर्ज हैं।

इस पूरे मामले की जांच एएसआई ध्यानचंद खिल्लार, जालदा आउटपोस्ट, रघुनाथपाली थाना द्वारा की गई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

Leave a Comment

और पढ़ें