जौनपुर में पुलिस का बड़ा एक्शन, 1 किलो 200 ग्राम गांजे के साथ शातिर गिरफ्तार

जौनपुर से बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां कोतवाली पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने नाजायज गांजे के साथ एक शातिर अपराधी को गिरफ्तार किया है।

दरअसल, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक जौनपुर के निर्देश पर अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए शाही ईदगाह कब्रिस्तान के पास से एक अभियुक्त को धर दबोचा।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान मुन्ने रजा उर्फ इमरान के रूप में हुई है, जो गूलरघाट क्षेत्र का निवासी बताया जा रहा है।

पुलिस के मुताबिक आरोपी के कब्जे से करीब 1 किलो 200 ग्राम नाजायज गांजा बरामद किया गया है। इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

सबसे चौंकाने वाली बात यह है कि गिरफ्तार अभियुक्त का आपराधिक इतिहास काफी लंबा है।

आरोपी के खिलाफ हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में दर्जनों मुकदमे पहले से दर्ज हैं।

यह पूरी कार्रवाई प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ प्रताप सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम द्वारा की गई।

फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
आप देख रहे हैं R संचार न्यूज़

Leave a Comment

और पढ़ें