उत्तर प्रदेश में बिजली उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत भरी खबर सामने आई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य सरकार ने कम लोड वाले उपभोक्ताओं के हित में बड़ा फैसला लिया है।
ऊर्जा मंत्री अरविंद कुमार शर्मा ने घोषणा करते हुए बताया कि अब 1 किलोवाट तक के घरेलू उपभोक्ताओं का बिजली कनेक्शन 30 दिनों तक नहीं काटा जाएगा, चाहे उनका बैलेंस कितना भी नेगेटिव क्यों न हो।
यही नहीं, 2 किलोवाट तक के उपभोक्ताओं को भी राहत दी गई है। अब 200 रुपये तक का माइनस बिल होने पर भी उनका कनेक्शन नहीं काटा जाएगा।
सरकार ने उपभोक्ता सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक नई 5-स्तरीय SMS सूचना प्रणाली भी लागू की है। इसके तहत कनेक्शन काटने से पहले उपभोक्ताओं को 5 बार अलर्ट भेजना अनिवार्य होगा, ताकि उन्हें समय रहते भुगतान का मौका मिल सके।
भीषण गर्मी को देखते हुए प्रदेश सरकार ने सभी अधिकारियों को बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने और अनुरक्षण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।
ऊर्जा मंत्री ने बताया कि अब तक प्रदेश में करीब 30 लाख नए बिजली खंभे लगाए जा चुके हैं और ट्रांसफार्मरों की क्षमता भी बढ़ाई गई है।
उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब देश में सबसे अधिक बिजली आपूर्ति करने वाला अग्रणी राज्य बन चुका है।
सरकार ने साफ किया है कि इस गर्मी में जनता को बिजली से जुड़ी किसी भी समस्या का सामना नहीं करना पड़ेगा और निर्बाध, गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की
जाएगी।









