उत्तर प्रदेश से इस वक्त की बड़ी खबर सामने आ रही है, जहां होमगार्ड भर्ती परीक्षा को लेकर प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आ रहा है।
प्रदेश में 25, 26 और 27 अप्रैल को होमगार्ड भर्ती परीक्षा आयोजित की जाएगी। इस परीक्षा के लिए पूरे प्रदेश के 74 जिलों में कुल 1053 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। खास बात यह है कि लगभग 41 हजार पदों के लिए करीब 25 लाख अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी और नकलविहीन बनाने के लिए कड़े इंतजाम किए गए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी रखी जाएगी। इसके साथ ही हर अभ्यर्थी के लिए आधार कार्ड और बायोमेट्रिक जांच अनिवार्य कर दी गई है।
प्रशासन ने साफ निर्देश दिए हैं कि मोबाइल फोन, ब्लूटूथ और किसी भी तरह के इलेक्ट्रॉनिक डिवाइस परीक्षा केंद्र में पूरी तरह प्रतिबंधित रहेंगे।
सुरक्षा व्यवस्था की बात करें तो सभी केंद्रों पर भारी पुलिस बल की तैनाती की जाएगी, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी या नकल की कोशिश को तुरंत रोका जा सके।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अगर कोई अभ्यर्थी नकल या गड़बड़ी करते पकड़ा गया, तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।










